Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी चार्ज पदाधिकारियों के बीच आधिकारिक जनगणना किट का वितरण किया गया। अब ये किट संबंधित क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि जनगणना कार्य सुचारु और व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक
अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को निर्देश दिया कि वे इस राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जीरो टॉलरेंस नीति के साथ करें। उन्होंने साफ कहा कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
हर परिवार का सही आंकड़ा जुटाने पर जोर
समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनगणना देश का बेहद महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए हर परिवार और व्यक्ति की शत-प्रतिशत सही जानकारी दर्ज करना जरूरी है। प्रगणकों को घर-घर जाकर अद्यतन जानकारी एकत्र करने और सभी विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी और सत्यापन की जिम्मेदारी तय
पर्यवेक्षकों और चार्ज पदाधिकारियों को जनगणना कार्य की नियमित निगरानी करने, आंकड़ों का लगातार सत्यापन करने और काम की गुणवत्ता बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि यदि किसी डेटा में त्रुटि मिले तो उसका तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।
समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य पूरा करने, आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, जिला समन्वयक अर्जुन Ram सहित जनगणना कोषांग के कई पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।