Jharkhand News: झारखंड में “अबुआ राज” का नारा देने वाली सरकार को अब अपने ही नेताओं के व्यवहार से असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड कार्यालय में झायुमो जिला अध्यक्ष डब्बा सोरेन और एक महिला पदाधिकारी के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
नगर निगम चुनाव की हार के बाद फिर सक्रिय हुई राजनीति
बताया जा रहा है कि हाल ही में आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में हार का सामना करने वाले डब्बा सोरेन आशियाना चौक पहुंचे थे। यहां आवास बोर्ड द्वारा दुकानदारों को दिए गए अतिक्रमण हटाओ नोटिस का विरोध किया जा रहा था। इस दौरान उन्होंने कार्रवाई के लिए स्थानीय भाजपा विधायक चंपई सोरेन और मेयर संजय सरदार को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की।
महिला अधिकारी से तीखी नोकझोंक, बढ़ा विवाद
आवास बोर्ड कार्यालय में बातचीत के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। आरोप है कि झायुमो नेता ने महिला पदाधिकारी से आक्रामक लहजे में बात की। हालांकि महिला अधिकारी ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें मर्यादा का पाठ पढ़ाया और जमकर जवाब दिया। दोनों के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
विपक्ष को मिला हमला बोलने का मौका
घटना सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार और सत्ताधारी दल के नेताओं के रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले ने प्रशासनिक कार्यशैली और जनप्रतिनिधियों के आचरण को लेकर नई बहस छेड़ दी है।