Seraikela News: सरायकेला में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में अवैध खनन पर पूर्ण रोक, राजस्व संरक्षण और बालू घाट संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
10 वाहन जब्त, 4000 सीएफटी बालू बरामद
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथी ने बताया कि 11 मार्च से 22 अप्रैल 2026 तक अभियान चलाकर 10 वाहन (5 हाईवा, 4 ट्रैक्टर, 1 टाटा 407) जब्त किए गए। इस दौरान करीब 4000 सीएफटी बालू बरामद कर 2.10 लाख की राजस्व वसूली की गई।
ईंट भट्टों की मैपिंग, दलमा में सख्त जांच
उपायुक्त ने बिना अनुमति खनन पर सख्त रोक लगाने का निर्देश देते हुए अंचल अधिकारियों को नियमित जांच करने को कहा। जिले के सभी ईंट भट्टों का ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा, वहीं दलमा क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों पर संयुक्त निरीक्षण और वीडियोग्राफी के आदेश दिए गए।
बालू घाट जल्द शुरू, NGT निर्देशों की तैयारी
दूसरे श्रेणी में बालू घाटों के संचालन में देरी पर नाराजगी जताते हुए ईचागढ़ और कुकड़ू में ग्राम सभा प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। पश्चिम बंगाल के चालान पर सघन जांच के निर्देश दिए गए, साथ ही 10 जून से लागू होने वाले NGT नियमों को देखते हुए बालू स्टॉकिस्ट को पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।