Ranchi News : राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के आसपास कम विजिबिलिटी के कारण कई विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई, जिसके चलते रांची आने वाली चार उड़ानों को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। इस दौरान रांची के सांसद संजय सेठ भी प्रभावित यात्रियों में शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को वापस कोलकाता भेज दिया गया। वहीं दिल्ली और बेंगलुरु से रांची आ रही अन्य उड़ानों को भी कुछ समय तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद एटीसी के निर्देश पर कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया।
यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी, मौसम सामान्य होने का इंतजार
अचानक मौसम खराब होने और रनवे पर विजिबिलिटी कम होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा योजना में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार सुरक्षित लैंडिंग के लिए आवश्यक दृश्यता उपलब्ध नहीं होने के कारण यह फैसला लिया गया। मौसम में सुधार और विजिबिलिटी बढ़ने के बाद ही उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से बहाल किया जाएगा। हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन से प्राप्त करने की अपील की है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।