Ranchi News : रांची जिले के सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राहे प्रखंड की बसंतपुर पंचायत के बसंतपुर गांव में जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क पर जमा कीचड़ और जलभराव के बीच ग्रामीणों ने धान रोपकर और वहीं बैठकर विरोध जताया। उनका कहना है कि वर्षों से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दौरान सड़क पूरी तरह दलदल में बदल जाती है। इससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि बाइक और साइकिल से आवागमन भी प्रभावित रहता है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और दैनिक कार्यों के लिए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर लगाया उपेक्षा का आरोप
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय सड़क निर्माण के वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्या को नजरअंदाज कर दिया जाता है। उनका कहना है कि सड़क पर लगातार जलजमाव रहने से गंदगी फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो से बसंतपुर गांव की सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह विरोध किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर किया गया है।