Jharkhand News: धनबाद के बरवाअड्डा थाना विवाद के बाद जयराम महतो की पार्टी JLKM ने अपने ही कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की है. पार्टी ने दिलीप चौधरी को अनुशासनहीनता के आरोप में संगठन से बाहर कर दिया है. पार्टी नेतृत्व के मुताबिक, दिलीप चौधरी ने जिला इकाई को जानकारी दिए बिना विधायक जयराम महतो को सीधे बरवाअड्डा थाना बुलाया था. आरोप है कि उन्होंने पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने की अफवाह भी सोशल मीडिया पर फैलाई.
इसके बाद थाना परिसर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया. JLKM का कहना है कि थाना स्तर के विवादों को पहले जिला संगठन के जरिए सुलझाया जाना चाहिए था.
प्रमाणपत्र को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पूरा मामला बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी और JLKM नेता गणेश दास के बीच विवाद से शुरू हुआ था. दोनों के बीच कथित फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र तैयार करने को लेकर विवाद हुआ. पुलिस ने गणेश दास को हिरासत में लिया, जिसके बाद उनके समर्थक बरवाअड्डा थाना पहुंच गए.
थाने में जयराम महतो की हुई बहस
विवाद बढ़ने के बाद विधायक जयराम महतो भी थाना पहुंचे थे. यहां उनकी थाना प्रभारी के साथ तीखी बहस होने की बात सामने आई. अब पार्टी ने दिलीप चौधरी की भूमिका को संगठनात्मक अनुशासन के खिलाफ मानते हुए निष्कासन का फैसला लिया है. JLKM ने संकेत दिया है कि भविष्य में ऐसे मामलों को पार्टी की तय संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत ही उठाया जाएगा.