Ranchi News : रांची के मोराबादी इंडोर स्टेडियम में द्वितीय रांची जिला पेंचक सिलाट चैम्पियनशिप 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता रांची जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसमें करीब 170 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मोराबादी इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में टांडिंग, तुंग्गल, गंडा, रेगु और सोलो इवेंट्स आयोजित किए गए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में आदित्य मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पेंचक सिलाट आत्मरक्षा, अनुशासन और एकाग्रता का बेहतरीन माध्यम है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को आत्मरक्षा की तकनीक सीखनी चाहिए और इस खेल के जरिए यह संभव हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यह खेल बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।
खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना, खेल के प्रचार-प्रसार पर जोर
आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि फुटबॉल और क्रिकेट जैसे खेलों की अधिक चर्चा होती है, लेकिन पेंचक सिलाट जैसे खेल समाज में सजगता और आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस खेल के प्रचार-प्रसार के लिए सरकार से बातचीत की जाएगी और इसे गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास होगा। साथ ही एसोसिएशन के लिए भवन उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
रांची जिला पेंचक सिलाट एसोसिएशन के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी इस खेल में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुजरात के आनंद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन की सचिव डॉली सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के आवागमन के लिए सरकारी सहयोग और प्रशिक्षकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इस अवसर पर अंजन थापा, सूरज कुमार, सुजीत कुमार, राजू मुंडा, किरण सिंह, अब्दुल कादिर, अमित पाठक, विजय कुमार लिंबू समेत एसोसिएशन के सदस्य और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।