Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा बगान में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, जिंदा गोलियां, खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया है. मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुरानी दुश्मनी में हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले संदीप पांडेय ने फूयू उर्फ रितेश कुमार सिंह के साथ मारपीट की थी, जिसमें उसका हाथ-पैर टूट गया था. इसी पुराने विवाद और बदले की भावना में 8 मई 2026 की रात मिश्रा बगान इलाके में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. घटना में सोनू झा, फूयू उर्फ रितेश कुमार सिंह और उनके अन्य साथी शामिल बताए जा रहे हैं.
गुप्त सूचना पर रात में हुई छापेमारी
घटना के बाद पूर्वी सिंहभूम पुलिस की ओर से विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने 9 और 10 मई की रात बिरसा मुंडा जैम्को से सलगाजोरी फाटक जाने वाली कच्ची सड़क के पास बिरसा मुंडा प्रतिमा के समीप बनी एक झोपड़ी में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया
गिरफ्तार आरोपी का नाम सोनू झा (29 वर्ष) और रितेश कुमार सिंह उर्फ पुचु (29 वर्ष) है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 बोर का एक देसी पिस्तौल, 7.65 बोर की तीन जिंदा गोलियां, 7.65 बोर के दो खोखा, एयरटेल सिम लगा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
बिहार से लाता था हथियार
पूछताछ में आरोपी सोनू झा ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के सहरसा से अवैध हथियार खरीदकर लाता था और उनकी बिक्री भी करता था. उसने यह भी खुलासा किया कि पहले वह एक हथियार मनोज कुमार नामक व्यक्ति को बेच चुका है, जो हत्या के मामले में जेल जा चुका है.
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक सोनू झा के खिलाफ पहले भी टेल्को और बिष्टुपुर थाना क्षेत्रों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इस फायरिंग मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.