Ranchi News : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने 326 पुलिस पदाधिकारियों की वरीयता सूची जारी कर दी है। इस संबंध में झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप)-1, रांची के कमांडेंट कार्यालय ने पुलिस अवर निरीक्षक (सशस्त्र) और हवलदारों की वरीयता सूची प्रकाशित करते हुए आधिकारिक आदेश जारी किया है। सूची प्रोन्नति की तिथि के आधार पर तैयार की गई है।
अवर निरीक्षक और हवलदार तीन दिन में दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
कमांडेंट कार्यालय ने वरीयता सूची प्रमुख निरीक्षक (स), सभी कंपनी समादेशक, प्रभारी तथा प्रभोष्ट अवर निरीक्षक (स) को भेजते हुए निर्देश दिया है कि इसे उनके अधीन कार्यरत सभी अवर निरीक्षकों और हवलदारों तक पहुंचाया जाए।
आदेश के अनुसार, यदि किसी पुलिस अवर निरीक्षक (सशस्त्र) या हवलदार को सूची में दर्ज वरीयता क्रम, प्रोन्नति तिथि अथवा अन्य किसी विवरण पर आपत्ति है, तो वे सूची जारी होने की तिथि से तीन दिनों के भीतर लिखित आपत्ति कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
समय सीमा के बाद सूची मानी जाएगी अंतिम
कमांडेंट कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर प्राप्त आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रोन्नति की तिथि के आधार पर तैयार इस वरीयता सूची को अंतिम और सर्वमान्य माना जाएगा। इसके बाद किसी भी प्रकार के संशोधन या दावे पर विचार नहीं किया जाएगा।