Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-20

Gumla News : शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारात से लौट रही कार पेड़ से टकराई; दूल्हे के पिता समेत दो की मौत

Gumla News : जिले के पालकोट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बारात से लौट रही एक कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। काली मंदिर के समीप अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दूल्हे के पिता समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।


चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बसिया प्रखंड के लोंगा गांव निवासी आकाश साहू उर्फ बजरंग की शादी कुम्हारिया गांव में हुई थी। विवाह समारोह के बाद बाराती अपने गांव लौट रहे थे। दूल्हा और दुल्हन दूसरे वाहन में सवार थे, जबकि दूसरी कार में दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू समेत पांच लोग यात्रा कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि पालकोट के पास चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूल्हे के पिता कलेश्वर साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वह घाघरा प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत थे।

रांची ले जाते समय दूसरे घायल ने भी तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल दीनबंधु साहू को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। हादसे की खबर जैसे ही दोनों परिवारों और गांव पहुंची, शादी की खुशियां गहरे शोक में बदल गईं। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर मातम का माहौल है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !