Ranchi: रांची के हटिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन नार्कोस" के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को 14 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई 21 फरवरी को आरपीएफ पोस्ट हटिया, फ्लाइंग टीम रांची और क्राइम ब्रांच रांची की टीम ने मिलकर की। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर निगरानी के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में देखा गया। उसके पास एक ग्रे रंग का ट्रॉली बैग और काला पिट्ठू बैग था। टीम ने शक के आधार पर उसे रोककर पूछताछ की।
जांच के दौरान युवक ने अपनी पहचान संदीप कुमार उर्फ चितरंजन कुमार, निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में बताई। जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से सात अलग-अलग पैकेटों में कुल 14 किलो गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेलवे टिकट भी मिला, लेकिन नशीले पदार्थ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित एजेंसी को सौंप दिया गया।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच रांची के इंस्पेक्टर समीर कर्माकर, आरपीएफ पोस्ट हटिया के एसआई दीपक कुमार, फ्लाइंग टीम के एएसआई अनिल कुमार, आरपीएफ के एएसआई अभिषेक कुमार, स्टाफ एसएस लिंडा और कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।