Ranchi: वर्ष 2020 में रातू थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अब 10 अगस्त को अदालत फैसला सुनाएगी। पोक्सो मामलों के विशेष न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने निर्णय की नई तिथि निर्धारित की है। निर्धारित तिथि पर अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। इसी वजह से अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए 10 अगस्त को निर्णय सुनाने का दिन तय किया।
2020 में हुई थी घटना
इस मामले में नेसार अंसारी आरोपी है, जिसके खिलाफ अदालत में मुकदमे की सुनवाई चल रही है। उस पर सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंकने का आरोप है। यह घटना वर्ष 2020 में रातू थाना क्षेत्र के परेहपाट गांव में हुई थी। आरोप है कि वारदात के बाद बच्ची के शव को एक बोरे में भरकर खेत में छोड़ दिया गया था। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई थी और माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
तत्कालीन ग्रामीण एसपी भी पहुंचे थे
घटना के बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया था। उस समय तत्कालीन ग्रामीण एसपी एवं डीआईजी नौशाद आलम भी बच्ची के जनाजे में शामिल हुए थे। अब इस बहुचर्चित मामले में अदालत का फैसला 10 अगस्त को सुनाया जाएगा।