Dhanbad News : जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित छाताबाद में शुक्रवार को हुए भीषण भू-धंसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खदान में ब्लास्टिंग के कुछ देर बाद अचानक जमीन में तेज कंपन महसूस हुआ और देखते ही देखते बड़े इलाके में दरारें पड़ने लगीं। इस घटना में एक दो मंजिला मकान समेत एक दर्जन से अधिक घर जमीन में समा गए। हादसे के बाद लोग जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
ब्लास्टिंग के बाद फटी जमीन, स्थानीय लोगों ने बचाई कई जानें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान में ब्लास्टिंग के कुछ ही देर बाद जमीन हिलने लगी और फिर कई मकान धंस गए। कुछ लोग घरों के अंदर फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे से बाहर निकाला। हादसे में करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
ग्रामीणों ने BCCL और प्रशासन पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही खदानों की ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन से जमीन कमजोर हो गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ। प्रभावित परिवारों ने BCCL और जिला प्रशासन से तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा और खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर धनबाद के खनन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा और खनन गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।