Chutupalu Valley: झारखंड की चुटूपालू घाटी में आए दिन होने वाले हादसों पर लगाम लगाने के लिए एक नई उम्मीद जगी है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यहां हादसों को रोकने और सफर को सुरक्षित बनाने के लिए कदम बढ़ाया है. इसके तहत घाटी वाले इलाके में एक नया फोरलेन बाईपास बनाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए तकनीकी सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है.
नई सड़क हादसों के जोखिम को कम कर सकती है
चुटूपालू घाटी राष्ट्रीय राजमार्ग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. यहां तीखे मोड़, ढलान और भारी वाहनों के चलते लगातार हादसे होते रहे हैं. यातायात के बढ़ते भार के कारण एक बेहतर और आधुनिक सड़क के विकल्प की तलाश की जा रही है. स्थानीय लोग और वाहन चालक इस पहल का स्वागत कर रहे हैं. उनकी उम्मीद है कि नई फोरलेन सड़क से हादसों में कमी आएगी और रांची-रामगढ़ के बीच आवागमन आसान होगा.
सर्वे रिपोर्ट के बाद ही अगला कदम तय होगा
NHAI के सर्वे के आधार पर नई सड़क के विस्तृत प्रस्ताव को तैयार किया जाएगा. अभी सर्वे का काम चल रहा है. सर्वे रिपोर्ट और तकनीकी मंजूरी के बाद परियोजना की लागत, निर्माण काल और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर फैसला किया जाएगा. जब यह परियोजना पूरी हो जाएगी, तो वहां सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा.