Ranchi News: राजधानी रांची में लंबे समय से खाली पड़ी सरकारी जमीन का अब आधुनिक विकास किया जाएगा. झारखंड सरकार ने "बिल्डिंग री-डेवलपमेंट प्लान ऑन गवर्नमेंट लैंड" के तहत इस दिशा में काम तेज कर दिया है. इसकी शुरुआत रातू रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे करीब 5.7 एकड़ सरकारी जमीन से होगी, जहां आवासीय और व्यावसायिक परिसर विकसित किए जाएंगे.
सात आवासीय टावर और कमर्शियल भवन बनेंगे
परियोजना का डिजाइन तैयार हो चुका है और निर्माण की जिम्मेदारी नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) को सौंपी गई है. योजना के तहत सात आवासीय टावर बनाए जाएंगे, जिनकी ऊंचाई अलग-अलग होगी. इसके साथ एक बड़ा व्यावसायिक भवन भी तैयार किया जाएगा, जहां सरकारी कार्यालयों के अलावा अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी स्थान उपलब्ध रहेगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
परियोजना में पार्क, क्लब हाउस, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, वॉकिंग पाथ, चौड़ी सड़कें और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, भूमिगत जलाशय, बिजली सब-स्टेशन और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी बनाई जाएंगी. आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था होगी.
शहर के अन्य हिस्सों में भी बनेगी ऐसी परियोजनाएं
सरकार राजधानी के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की योजनाएं लागू करने की तैयारी कर रही है. कुसई कॉलोनी की करीब 2.5 एकड़ सरकारी जमीन और बिजली विभाग की लगभग दो एकड़ जमीन पर आधुनिक मल्टीपरपज हॉल बनाने की योजना है. इन दोनों परियोजनाओं की डीपीआर और डिजाइन भी तैयार हो चुके हैं.
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य खाली सरकारी जमीन का बेहतर उपयोग करना, शहर में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और सरकारी परिसंपत्तियों से राजस्व बढ़ाना है. इससे राजधानी के शहरी विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.