Latehar News: लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित चीरो डैम में बुधवार को एक व्यक्ति का शव तैरता मिला. स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस पहुंची और शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कराया. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
डैम में शव मिलने से मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों ने डैम के पानी में एक शव को तैरते देखा. इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी गई और देखते ही देखते डैम के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने घटना की सूचना चंदवा थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया.
शव निकालने की कोशिश जारी
पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था. समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी. डैम के पास एक बाइक भी संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मिली है. बाइक का नंबर JH-19E-7473 बताया गया है. पुलिस बाइक के आधार पर भी मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
मौत की वजह जांच के बाद होगी साफ
मौत की वजह को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. शुरुआती तौर पर पैर फिसलने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और मृतक की पहचान में जुटी हुई है.