Ranchi News: रांची पुलिस ने अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित अनुज्ञप्ति प्राप्त शराब की कम्पोजिट दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, एक देसी पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद बाजार स्थित शराब की कम्पोजिट दुकान पर तीन अपराधी फायरिंग कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में सिल्ली के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया.
गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 मार्च 2026 को ग्राम जोन्हा स्थित मुर्गी फार्म के पास छापेमारी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं
• देव सिंह मुंडा (करीब 35 वर्ष), निवासी– जोन्हा मुंडा टोली, थाना अनगड़ा, जिला रांची.
• गौतम यादव उर्फ गोल्डेन यादव (करीब 30 वर्ष), मूल निवासी– खलारी बाजार टांड़, थाना मेसरा/मैकलुस्कीगंज, जिला रांची, वर्तमान पता– शांति सिरम, थाना बालूमाथ, जिला लातेहार.
• भोला सोनी उर्फ भोला वर्मा (करीब 27 वर्ष), निवासी– मधुकम रोड नंबर-3, थाना सुखदेवनगर, जिला रांची.
घटना का कारण
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 3 मार्च की रात वे तीनों गेतलसूद स्थित शराब दुकान पर पहुंचे थे और वहां के कर्मचारियों से मुफ्त में शराब की बोतल मांग रहे थे. कर्मचारियों ने शराब देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान पर फायरिंग कर दी. इस दौरान दुकान के कर्मचारी किसी तरह काउंटर के पीछे छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.
बरामद सामान
• एक देसी रिवॉल्वर
• एक देसी पिस्टल
• 19 जिंदा कारतूस
• चार मोबाइल फोन
• एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया है.
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
जांच में पता चला है कि गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं.
देव सिंह मुंडा के खिलाफ दर्ज मामले
• अपहरण और जबरन वसूली से जुड़े मामले
• मारपीट, धमकी और रंगदारी के मामले
• अवैध हथियार रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले
• विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला
• हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले
• अवैध हथियार रखने और फायरिंग से जुड़े कई मामले
गौतम यादव उर्फ गोल्डेन यादव के खिलाफ दर्ज मामले
• लूट और डकैती के प्रयास से जुड़े मामले
• हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले
• आपराधिक साजिश, धमकी और अवैध हथियार रखने के मामले
• रंगदारी और फायरिंग से जुड़े कई मामले
• विभिन्न थानों में दर्ज आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामले
भोला सोनी उर्फ भोला वर्मा के खिलाफ दर्ज मामले
• धमकी, मारपीट और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले
• आर्म्स एक्ट और अवैध हथियार रखने के मामले
• हालिया फायरिंग की घटना से जुड़ा मामला
पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है.