Ranchi News: रांची नगर निगम ने शहर में तेजी से बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया है. प्रशासक के निर्देश पर यह अभियान एक विशेष योजना के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें एनजीओ डब्ल्यूवीएस होप एंड एनिमल संस्था भी नगर निगम का सहयोग कर रही है. यह अभियान पूरे शहर में लगातार जारी है.
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण
नगर निगम के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण करना और रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी से लोगों को सुरक्षित रखना है. इसके लिए कुत्तों की नसबंदी के साथ-साथ एंटी-रेबीज टीकाकरण भी किया जा रहा है, ताकि संक्रमण का खतरा कम किया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके.
नगर निगम द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी 2026 से 10 मार्च 2026 के बीच अभियान के दौरान कुल 439 स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ा गया. इनमें से 306 कुत्तों की नसबंदी कर दी गई है, जबकि 685 कुत्तों को एंटी-रेबीज का टीका लगाया गया है.
यह अभियान शहर के सभी 53 वार्डों में चलाया जा रहा है
नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा द्वारा तैयार रोस्टर के अनुसार यह अभियान शहर के सभी 53 वार्डों में चलाया जा रहा है. इसके अलावा सरकारी अस्पतालों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष अभियान चलाकर कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जा रहा है.
नगर निगम ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है. यदि किसी क्षेत्र में आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्या या सूचना हो, तो नागरिक टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं. शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी.