Ranchi News: राजधानी रांची के करमटोली स्थित प्रसिद्ध "लेवी टैवर्न" (LEVEE TAVERN) रेस्टोरेंट और बार में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई. घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने धुआं उठता देखा. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना होटल के जनरल मैनेजर और अग्निशमन विभाग को दी.
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन दल के कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक रेस्टोरेंट के भीतर रखा अधिकांश कीमती सामान जलकर खाक हो चुका था. आग इतनी तेज थी कि बाहर तक उसकी लपटें और धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था.
करोड़ों की संपत्ति का हुआ नुकसान
आग लगने से रेस्टोरेंट का इंटीरियर, फर्नीचर, एसी पाइपलाइन और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह नष्ट हो गए हैं. प्रबंधन के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. करमटोली चौक से जेल मोड़ जाने वाले मार्ग पर स्थित इस रेस्टोरेंट में हुई घटना के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है और रेस्टोरेंट प्रबंधन ने भी इस पर अभी कुछ नहीं कहा है. हालांकि, प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों की आशंका के अनुसार, शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस और संबंधित विभाग अब मामले की जांच कर रहे हैं ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके.