Ranchi News: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित धुनकी रूफटॉप बार में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की. नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज साउंड में संगीत बजाए जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बार को बंद करा दिया.
जानकारी के अनुसार, बार में देर रात तक बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे. आसपास रहने वाले लोगों ने तेज आवाज और देर रात तक चल रही गतिविधियों को लेकर पुलिस से शिकायत की थी. शिकायत के बाद पहुंची पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग जल्दबाजी में अपने वाहनों से मौके से निकल गए.
पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि धुनकी रूफटॉप बार को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं. आरोप है कि बार देर रात तक संचालित होता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है.
बताया जा रहा है कि पूर्व में भी बार के खिलाफ कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी. इसके बावजूद देर रात तक नियमों की अनदेखी जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं.
ध्वनि प्रदूषण को लेकर हाईकोर्ट सख्त
देर रात तेज आवाज में डीजे और लाउड म्यूजिक बजाने को लेकर झारखंड हाईकोर्ट भी सख्त रुख अपना चुका है. कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम और डीजे पर रोक का कड़ाई से पालन कराया जाए.
हाईकोर्ट ने यह भी कहा था कि आदेशों की अनदेखी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जा सकती है. इसके बाद प्रशासन ने ऐसे प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ा दी है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है.