Ranchi News: राजधानी रांची के अशोक नगर में हुए हाई प्रोफाइल चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 400 ग्राम चोरी के सोने के जेवर बरामद किए हैं। बरामद जेवरों की बाजार कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर हुई गिरफ्तारी
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अभिषेक पांडेय के घर में चोरी की घटना हुई थी। मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया था।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित शुक्ला रोड निवासी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के 400 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए।
मुजफ्फरपुर में बेचने की थी तैयारी, तीन मुख्य आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के जेवरों को बिहार के मुजफ्फरपुर में एक सोना कारोबारी को बेचने की तैयारी कर रहा था। इस कार्रवाई के साथ अब तक इस मामले में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के चोरी के जेवर बरामद किए जा चुके हैं।
इससे पहले 23 जुलाई को पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया था। जांच में कुख्यात अंतरराज्यीय चोर इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम और नवीन शर्मा की संलिप्तता सामने आई है। तीनों आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।