Railway News: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अख्तियार किया है. रेलवे के वाणिज्य विभाग की टीम ने टाटानगर समेत मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया. इस कार्रवाई के दौरान कुल 603 यात्रियों को बिना उचित श्रेणी या बिना टिकट के सफर करते हुए पकड़ा गया.
जुर्माने के तौर पर वसूले 4 लाख 25 हजार से अधिक रुपये
पकड़े गए इन यात्रियों से जुर्माने के रूप में 4 लाख 25 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूल की गई है. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियानों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर गरिमापूर्ण तरीके से यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है. अधिकारियों का कहना है कि टिकट चेकिंग की यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी ताकि राजस्व की चोरी रोकी जा सके.
खड़गपुर रेल मंडल में भी दर्जनों यात्रियों पर गिरी गाज
चक्रधरपुर के साथ-साथ खड़गपुर रेल मंडल में भी रेल कर्मचारियों ने सक्रियता दिखाई. विभिन्न ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान वहां भी दर्जनों यात्रियों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया. पकड़े गए यात्रियों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया है. रेलवे ने आम जनता से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही रेल यात्रा करें.