Palamu: झारखंड के पलामू जिले में शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर अचानक अफवाह फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के लिए विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। कुछ ही समय में पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और माहौल अफरा-तफरी जैसा हो गया।
ईरान युद्ध की खबरों से फैली चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर ईरान से जुड़ी खबरों के कारण पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। साथ ही यह भी कहा जाने लगा कि ईंधन की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। इसी आशंका के चलते लोग जल्द से जल्द पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़े।
पांकी इलाके में ज्यादा दिखा असर
पलामू के पांकी क्षेत्र में इस अफवाह का असर ज्यादा देखने को मिला। यहां मौजूद पेट्रोल पंपों पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। पांकी में कुल तीन पेट्रोल पंप हैं, लेकिन उस समय केवल दो पंपों पर ही पेट्रोल उपलब्ध था, जिससे भीड़ और बढ़ गई। पंप पर काम करने वाले विवेक कुमार ने बताया कि अफवाह फैलते ही लोगों की भीड़ अचानक बढ़ गई और कुछ लोग डिब्बों व जार में भी पेट्रोल-डीजल भरकर ले जाते दिखे।
यूनियन ने अफवाह को बताया निराधार
इस मामले में पलामू पेट्रोल पंप यूनियन के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
स्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को बेवजह घबराने की जरूरत नहीं है।