Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई. समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सिंहभूम सांसद जोबा मांझी ने बाल विवाह मुक्त जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा. उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों और गांवों में जाकर लोगों को बाल विवाह निषेध से जुड़े कानून और इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके.
जागरूकता रथ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल विवाह के नुकसान के बारे में बताएगा और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देगा. इस अभियान के जरिए ग्रामीण इलाकों में भी जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, युवा सरायकेला के प्रतिनिधि प्रशांत शिखर, विभिन्न प्रखंडों के सीडीपीओ, महिला प्रवेक्षिका, सेविका, सहिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.