Palamu News: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के गृह जिले पलामू में जिला कोषागार कार्यालय का कामकाज पिछले करीब दो सप्ताह से प्रभावित है। जिला कोषागार पदाधिकारी को लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं होने के कारण विभिन्न प्रकार के भुगतान और ऑनलाइन वित्तीय कार्य लंबित पड़े हैं। भुगतान के लिए लोग लगातार ट्रेजरी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
प्रभारी बदलने के बाद शुरू हुई समस्या
जानकारी के अनुसार, सेल टैक्स ऑफिसर डॉ. मनोज कुमार को 7 जुलाई से जिला कोषागार पदाधिकारी का प्रभार दिया गया है। इससे पहले सोमरा भगत इस पद का प्रभार संभाल रहे थे। उनका तबादला होने के बाद डॉ. मनोज कुमार को नई जिम्मेदारी दी गई।
हालांकि, प्रभार मिलने के बाद नए प्रभारी कोषागार पदाधिकारी को अब तक लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके कारण ट्रेजरी से होने वाले भुगतान और अन्य ऑनलाइन वित्तीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
संवेदकों के भुगतान पर भी असर, प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लॉगिन आईडी नहीं मिलने का असर विभिन्न सरकारी विभागों के संवेदकों के भुगतान पर भी पड़ा है। भुगतान लंबित होने के कारण संवेदक लगातार कोषागार कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें बिना भुगतान के ही वापस लौटना पड़ रहा है।
इसके अलावा सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थानों से जुड़े अन्य वित्तीय कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। करीब दो सप्ताह से भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदकों और अन्य संबंधित लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि अधिकारी के तबादले के बाद नए प्रभारी को समय पर लॉगिन आईडी उपलब्ध नहीं कराया जाना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नए प्रभारी को लॉगिन आईडी कब उपलब्ध कराई जाती है और लंबित भुगतान की प्रक्रिया कब शुरू होती है।