Ranchi News: रिम्स में डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. विभाग ने इस साल के अंत तक रिम्स के सभी जरूरी टीचिंग पदों को भरने का लक्ष्य तय किया है. इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं.
इसी सिलसिले में बुधवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रिम्स सेलेक्शन कमेटी की बैठक हुई. बैठक में रिम्स में डॉक्टरों और कर्मचारियों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने खाली पदों और आने वाले समय में जरूरी मानव संसाधन को लेकर भी चर्चा की.
अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिम्स में स्वीकृत पदों और वर्तमान में कार्यरत डॉक्टरों व कर्मचारियों का पूरा आकलन किया जाए. उन्होंने विभागों की जरूरत के हिसाब से पदों की संख्या तय करने और मानव संसाधन व्यवस्था में जरूरी बदलाव करने को भी कहा. बैठक में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के साथ एएनएम, जीएनएम और दूसरे कर्मचारियों के पदों पर भी चर्चा हुई. कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम तैयार करने का निर्देश दिया गया.
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि टीचिंग पदों पर भर्ती और नियुक्ति की प्रक्रिया में देरी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने साल खत्म होने से पहले रिम्स के सभी जरूरी टीचिंग पदों को भरने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.
रिम्स में HMIS का 100 फीसदी इस्तेमाल होगा
बैठक में रिम्स में एचएमआईएस को पूरी तरह लागू करने पर भी जोर दिया गया. सभी विभागों में एचएमआईएस का 100 प्रतिशत इस्तेमाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभाग में एचएमआईएस को पूरी तरह लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है. इसके जरिए रिम्स की स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा के कामकाज को ज्यादा डिजिटल और व्यवस्थित बनाने की तैयारी है. बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश, रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. पी. भट्टाचार्य, डॉ. हिरेंद्र बिरूवा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.