Palamu News: हुसैनाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दरूआ मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्तौल (कट्टा), दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है.
सूचना मिलते ही शुरू हुई जांच
एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि 2 मार्च 2026 को पुलिस को खबर मिली थी कि ग्राम मानखाप से दो युवक हथियार लेकर जपला की ओर जा रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम बनाई गई और दरूआ मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.
शाम करीब 7:20 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखे. पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने की कोशिश करने लगे. लेकिन मौके पर मौजूद सशस्त्र बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया.
तलाशी में मिला हथियार
जांच के दौरान अभिषेक कुमार (19 वर्ष) के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए. वहीं दोनों युवकों के पास से मोबाइल फोन भी मिले. जिस बाइक से वे आ रहे थे, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी.
गिरफ्तार युवकों की पहचान अभिषेक कुमार और नितिश कुमार चंद्रवंशी (18 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों मानखाप गांव के रहने वाले हैं और थाना हुसैनाबाद क्षेत्र के निवासी हैं.
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार, अभिषेक कुमार पहले भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है. इस मामले में हुसैनाबाद थाना में आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है.