Pakur News: जिले के रामपुरहाट रेल सेक्शन में स्थित नगरनवी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम एक बेहद दुखद हादसा हो गया. तेज गति से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में लगभग 35 वर्ष का एक पुरुष, करीब 30 वर्ष की महिला और तीन साल की एक बच्ची शामिल हैं.
लौटते समय वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शाम करीब 7:10 बजे हुआ. मौजूद लोगों ने बताया कि तीनों नगरनवी इलाके में अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए थे. घर लौटते समय वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे. उसी दौरान डाउन लाइन पर तेज रफ्तार से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस अचानक वहां पहुंच गई. ट्रेन की गति इतनी अधिक थी कि उन्हें संभलने या पटरी से हटने का अवसर नहीं मिला और तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए.
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
तीनों पाकुड़ के कली तला मोहल्ला के निवासी है
आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआत में मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी. बाद में आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क कर पहचान की गई. जांच के बाद पता चला कि तीनों पाकुड़ के कली तला मोहल्ला के रहने वाले थे.
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग घटना से बेहद दुखी हैं. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.