Lohardaga: लोहरदगा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से 433 किलोग्राम गांजा जब्त किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए अवैध गांजा की बड़ी खेप इलाके से होकर गुजरने वाली है। इस जानकारी के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्दकी अनवर रिजवी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (किस्को) वेदांत शंकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
ट्रक के केबिन में बने छिपे स्थान से मिली खेप
जांच के दौरान कचहरी मोड़ स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध बारह चक्का ट्रक (JH12H 9099) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन में बने गुप्त खांचे से गांजा के 154 पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन लगभग 433 किलोग्राम बताया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण (बिहार) निवासी शमशेर अली (48) और गोंडा (उत्तर प्रदेश) के इकराम खान (55) के रूप में हुई है। इनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
कई पुलिस अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ वेदांत शंकर के साथ थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, एएसआई रवि रंजन कुमार, एएसआई पप्पू कुमार, एसआई अमरनाथ पांडेय सहित तकनीकी शाखा और लोहरदगा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।