Adityapur Crime News: सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में 2 मार्च को हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान शुभम सरकार और राज लोहार के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपियों ने राजवीर सिंह उर्फ लालू की हत्या करने के उद्देश्य से उन पर फायरिंग की थी. इस हमले में राजवीर सिंह घायल हो गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई थी.
आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की के नेतृत्व में गठित इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं की मदद से दोनों आरोपियों को धर दबोचा. पुलिस ने इनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन और कुल 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.
पूछताछ के दौरान आरोपी शुभम सरकार ने पुलिस को बताया कि इस हमले के पीछे पारिवारिक विवाद था. शुभम के मुताबिक करीब तीन साल पहले जब उसके पिता एक हत्या के मामले में जेल में थे, तब उसकी मां आकाश दीप नाम के व्यक्ति के साथ गुजरात चली गई थी. इसी रंजिश के कारण दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है.