Jamshedpur Police Transfer: जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियुष पांडेय ने जिले की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. उन्होंने एक साथ 53 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस फेरबदल के तहत कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं, जबकि कई अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
इन अधिकारियों को मिली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी
तबादले की सूची के अनुसार कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा को अब जादूगोड़ा का अंचल निरीक्षक बनाया गया है. उनकी जगह जादूगोड़ा के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार यादव को कदमा का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है.
इसी तरह चाकुलिया के थाना प्रभारी संतोष कुमार को जुगसलाई भेजा गया है, जबकि सीतारामडेरा के जेएसआई राजेश कुमार अब चाकुलिया के नए थाना प्रभारी होंगे. पटमदा के थाना प्रभारी करमपाल भगत को परसुडीह का जिम्मा मिला है और उलीडीह के जेएसआई विष्णु चरण भोग्ता को पटमदा का नया प्रभारी बनाया गया है.
कोवाली थाना के प्रभारी धनंजय कुमार पासवान को कदमा भेजा गया है और उनकी जगह जुगसलाई में तैनात मुकेश कुमार साव को कोवाली का नया थाना प्रभारी बनाया गया है.
यातायात और अन्य थानों में भी हुआ बदलाव
प्रशासनिक सुधार के तहत यातायात विभाग में भी कई फेरबदल हुए हैं. बिष्टुपुर और जुगसलाई ट्रैफिक थाना से कई अधिकारियों को साकची ट्रैफिक थाना और पुलिस लाइन भेजा गया है. बिष्टुपुर के जेएसआई रामप्रवेश कुमार राय को बहरागोड़ा और श्यामसुंदरपुर के जेएसआई अमर पोद्दार को मानगो थाना भेजा गया है.
इसके अलावा दुर्गा तिर्की को श्यामसुंदरपुर थाना का जेएसआई बनाया गया है. अरविंद कुमार को गोलमुरी पुलिस लाइन से बर्मामाइंस थाना भेजा गया है. साथ ही कई एएसआई स्तर के अधिकारियों को भी अलग-अलग थानों और कार्यालयों में नई जिम्मेदारी दी गई है.
कई पुलिस अधिकारियों को भेजा गया पुलिस लाइन
इस बड़े तबादले में पटमदा के अजय प्रसाद यादव, पोटका के सुनील टुटी और परसुडीह के कौशल किशोर पांडेय समेत कई अधिकारियों को थानों से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है. इसके अलावा डीएसपी ऑफिस और साइबर सेल में तैनात कुछ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है.
कोर्ट सुरक्षा और पेट्रोलिंग ड्यूटी में नए तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए उपेंद्र कुमार सिंह को कोर्ट सुरक्षा से हटाकर सीतारामडेरा थाना भेजा गया है, जबकि नरेश राम को सिटी पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी दी गई है. घाटशिला और धालभूमगढ़ क्षेत्रों में भी एएसआई स्तर के अधिकारियों का तबादला किया गया है ताकि ग्रामीण इलाकों की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके.