LPG Price Today: 1 जुलाई से एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती कर दी है. हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पुराने रेट ही लागू रहेंगे.
कमर्शियल सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती
नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का दाम घटकर 2930 रुपये हो गया है. वहीं घरेलू 14.2 किलो गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर बनी हुई है. वर्ष 2026 में पहली बार कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में इतनी बड़ी कटौती की गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा.
अलग-अलग शहरों में नए एलपीजी रेट
नई दरों के मुताबिक लखनऊ में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 979.50 रुपये का है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 3052.50 रुपये में मिलेगा. कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3081.50 रुपये का हो गया है. पटना में घरेलू सिलेंडर की कीमत 1031.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3227 रुपये तय की गई है. वहीं लेह में घरेलू गैस सिलेंडर 1196.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3594.50 रुपये का मिलेगा. अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स के कारण कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है.
घरेलू सिलेंडर के दाम में नहीं हुआ बदलाव
इस साल कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कई बार बदलाव देखने को मिला है. मई और जून में इसके दाम लगातार बढ़े थे, जबकि अब जुलाई की शुरुआत में बड़ी राहत मिली है. दूसरी ओर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में आखिरी बदलाव 7 जून को हुआ था, जब इसमें 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू सिलेंडर 60 रुपये महंगा हुआ था. फिलहाल दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये में ही मिल रहा है और तेल कंपनियों ने इसमें किसी नई कटौती या बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की है.