Jamshedpur DD Bar Murder Case: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर हुए चर्चित हत्याकांड के बाद जमशेदपुर में हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की मौत और गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष की नाजुक हालत के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा आईपीएस दंपति तत्कालीन जमशेदपुर एसएसपी पियूष पांडे और सरायकेला-खरसावां की एसपी डॉ. निधि द्विवेदी को पद से हटाए जाने के बाद बुधवार तड़के से ही प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं.
बुधवार सुबह से धालभूम के एसडीएम अर्नव मिश्रा, सिटी एसपी ललित मीणा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पर मौजूद हैं. अधिकारी लगातार परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन परिवार अपनी मांगों पर अडिग है.
परिजनों की मुख्य मांग है कि जिस आरोपी ने हिमांशु सिंह और प्रत्यूष पर चाकू से जानलेवा हमला किया, उसका तत्काल एनकाउंटर किया जाए. इसके साथ ही हिमांशु सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की गई है. अधिकारियों और परिजनों के बीच वार्ता का दौर लगातार जारी है.
इस बीच हिमांशु सिंह के आवास पर जनप्रतिनिधियों का भी जमावड़ा लगा हुआ है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, मानगो नगर निगम की महापौर सुधा गुप्ता, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं तथा उनकी मांगों को सुन रहे हैं.
उधर, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. बिष्टुपुर, साकची, कदमा, सोनारी और एमजीएम थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई है. टीएमएच, बिष्टुपुर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इसके अलावा तत्कालीन एसएसपी पियूष पांडे के सरकारी आवास, उपायुक्त राजीव रंजन के आवास तथा अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. प्रशासन पूरे शहर की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.