Khunti: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ खूंटी पुलिस और एनसीबी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलो गांजा बरामद किया है. कार्रवाई कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास गुरुवार सुबह की गई. पुलिस ने गांजा ले जा रहे चारपहिया वाहन को जब्त करने के साथ उसमें सवार पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है.
राउरकेला से रांची भेजी जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार, खूंटी एसपी को गांजा तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी. पता चला था कि ओडिशा के राउरकेला से गांजे की बड़ी खेप लेकर तस्कर रांची की ओर जाने वाले हैं. तस्करों के सिमडेगा और कामडारा होते हुए कर्रा-लोधमा मार्ग से रांची पहुंचने की सूचना थी. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की तैयारी शुरू की.
लोधमा में बनाई गई नाकाबंदी
एसपी के निर्देश पर कर्रा थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. इसमें कर्रा पुलिस के साथ एनसीबी रांची की टीम भी शामिल हुई. संयुक्त टीम ने लोधमा पिकेट के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक संदिग्ध चारपहिया गाड़ी को रोक लिया गया. तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ. इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया और उसमें मौजूद पांचों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
रांची ले जाई गई पूरी खेप
कार्रवाई के बाद एनसीबी रांची की टीम जब्त गांजा, चारपहिया वाहन और गिरफ्तार पांचों आरोपियों को रांची स्थित एनसीबी क्षेत्रीय कार्यालय ले गई. अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि इस पूरे कारोबार का मुख्य सरगना कौन है, गांजे की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज क्या हैं.