Chaibasa News : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये की कथित घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. दोपहर करीब 1:30 बजे हुई इस अचानक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
केस में मदद के नाम पर मांगी गई थी घूस
मिली जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय पीड़ित ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि थाने में दर्ज एक मुकदमे में मदद करने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा पैसों की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपों की गुप्त रूप से जांच और सत्यापन कराया. मामला सही पाए जाने पर ACB ने आरोपी अधिकारी को दबोचने के लिए जाल बिछाया.
जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोचा, नकद बरामद
तय योजना के मुताबिक ACB की विशेष टीम ने थाना परिसर के आसपास घेराबंदी की. जैसे ही शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी मनीष कुमार को रिश्वत के 15 हजार रुपये सौंपे, पहले से मुस्तैद टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा. मौके से घूस की पूरी रकम बरामद कर ली गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है.
एसपी बोले- आरोप सही सिद्ध होने पर होगी विभागीय कार्रवाई
मामले पर पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेणु ने बताया कि उन्हें ACB की इस कार्रवाई की जानकारी मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की समीक्षा की जा रही है. यदि जांच में आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, छानबीन जारी
थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी के घूस लेते पकड़े जाने से पुलिस विभाग की साख पर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल ACB की टीम गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं व साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है.