Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश से कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है. खरसावां प्रखंड की जोरडीहा पंचायत के बड़ाबाम्बो गांव में मंगलवार देर रात बारिश के दौरान दो कच्चे मकान अचानक क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के समय दोनों घरों में परिवार के सदस्य मौजूद थे. मकान में दरार और गिरने की आवाज सुनकर लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
लगातार बारिश से कमजोर हुईं दीवारें
ग्रामीणों के अनुसार, कई दिनों से हो रही बारिश के कारण जमीन में नमी बढ़ गई थी. इससे कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो गई थीं. मंगलवार रात करीब एक बजे एक मकान का हिस्सा अचानक गिरने लगा. तेज आवाज सुनकर घर में सो रहे लोग जाग गए और तुरंत बाहर निकल गए. कुछ देर बाद मकान का एक और हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया.
मलबे में दबा घरेलू सामान
मकान का हिस्सा गिरने से अंदर रखा घरेलू सामान और जरूरी चीजें मलबे में दब गईं. घर क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है. स्थानीय निवासी बिहारी नायक ने बताया कि परिवार के लोग रात में खाना खाने के बाद घर में सो रहे थे. अचानक मकान का हिस्सा गिरने लगा. खतरा महसूस होते ही सभी बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित मकानों का निरीक्षण कराने और नुकसान का आकलन करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ गई है. ऐसे परिवारों को राहत सामग्री और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की जरूरत है. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने और कमजोर मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है.