रांची में कड़े ट्रायल के बाद मिली सफलता
खिलाड़ियों का चयन रांची के टाना भगत स्टेडियम में आयोजित ओपन वॉलीबॉल चयन प्रक्रिया के दौरान हुआ. करीब 3 से 4 घंटे तक चले इस ट्रायल में खिलाड़ियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा. अपने खेल और प्रदर्शन के दम पर केयर ग्रामीण विकास केंद्र के 11 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया.
अलग-अलग आयु वर्ग में खिलाड़ियों का चयन
अंडर-14 वर्ग में रोशनी कुमारी, निशि कुमारी, साक्षी कुमारी, भावना, स्नेहा भारती और नवीन यादव का चयन हुआ है. वहीं अंडर-17 वर्ग में रिया कुमारी ने जगह बनाई है. अंडर-19 वर्ग में नैना कुमारी, तनीषा कुमारी, सृष्टि कुमारी और सीमा कुमारी चयनित हुई हैं.
अब 10 दिन का विशेष प्रशिक्षण कैंप
सम्मान समारोह के बाद खिलाड़ियों ने कहा कि यह उनके लिए अभी शुरुआत है. उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर राज्य के लिए गोल्ड मेडल जीतना है. चयनित सभी खिलाड़ियों को अब 10 दिनों के विशेष प्रशिक्षण शिविर में भेजा जाएगा. कैंप में कोच खिलाड़ियों की तैयारियों पर काम करेंगे और अंतिम प्रदर्शन के आधार पर फाइनल नेशनल टीम का चयन किया जाएगा.
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पोचरा गांव, उनके अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है. संस्था ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं, खासकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा.