Jharkhand News : पलामू जिले में इन दिनों अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ नजर आ रहा है, तजा मामला जिले के पांकी थाना क्षेत्र के जोबला गांव का है जहां शनिवार देर रात एक गंभीर वारदात सामने आई। यहां अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के दौरान विरोध करने पर एक 50 वर्षीय अधेड़ को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।घायल की पहचान जोबला गांव निवासी पांडु सिंह के पुत्र बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार, बैजनाथ सिंह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने गोली चला दी, जो उनकी जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाके में दहशत, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी और पांकी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बताते चलें कि दो सप्ताह पूर्व पांकी थाना क्षेत्र के केरकी गांव में भी महुआ चुनने के दौरान एक अधेड़ की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।