Adityapur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के एम-टाइप पॉश इलाके में बीती रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने सुनसान पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह घर वार्ड 18 की दिवंगत पूर्व पार्षद विनीता अविनाश का है और फिलहाल दिवंगत पार्षद के देवर आलोक रंजन परिवार के साथ वहां रह रहे है। घटना के समय घर के लोग बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया।
ताले तोड़कर घर खंगाला, कीमती सामान गायब
चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे समेत अंदर के कमरों के ताले तोड़ दिए और पूरे घर को खंगाल डाला। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए गए। इसके अलावा घर में लगा एलईडी टीवी भी चोर अपने साथ ले गए।
परिवार के एक सदस्य के अनुसार, चोरों ने शेड में खड़ी स्पोर्ट्स बाइक को भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन किसी कारणवश इसमें सफल नहीं हो सके।
सफाई कर्मी ने खोला घटना का राज
इस घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह एक सफाई कर्मी घर की सफाई के लिए पहुंची। जैसे ही उसने टूटे हुए ताले और बिखरा सामान देखा, उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी, आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आ रहा है कि चोरों ने पहले इलाके की रेकी की थी और घर के खाली होने की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश और डर का माहौल है। एक पॉश और संवेदनशील माने जाने वाले इलाके में इस तरह की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर ऐसे इलाकों में भी चोर बेखौफ वारदात कर रहे हैं, तो आम इलाकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है।