Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर निवासी संजय लोहार के 14 वर्षीय पुत्र वतन लोहार और मनीपुर निवासी शिव कुमार सांडिल के पुत्र ओम सांडिल के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दोस्त की स्कूटी लेकर सीखने निकले थे ड्राइविंग
बताया जा रहा है कि दोनों किशोर अपने एक दोस्त की स्कूटी लेकर उसे चलाना सीखने के लिए मैदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नाले पर बनी कलवर्ट पुलिया के पास स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और दोनों स्कूटी समेत पुलिया के नीचे जा गिरे।
अस्पताल पहुंचने से पहले बुझ गई दो जिंदगियां
हादसे में दोनों किशोरों के सिर, हाथ, पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग, गांव में मातम
सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए। इस हादसे से पुराना मनोहरपुर और मनीपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने नाबालिगों को वाहन देने पर चिंता जताई है, वहीं पुलिस ने अभिभावकों से कम उम्र के बच्चों को दोपहिया वाहन न चलाने देने की अपील की है।