Jamtara News: जामताड़ा में मंगलवार को डीसी आलोक कुमार ने समाहरणालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं. जिले के अलग-अलग इलाकों से करीब 40 लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे. डीसी ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और बाकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए.
जमीन से लेकर बिजली-पानी तक की शिकायत
जनता दरबार में जमीन विवाद, आवास, बिजली, पेयजल, जन्म प्रमाणपत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं. डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतें भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा.
पशुधन योजना में चयन की शिकायत
पशुधन विकास योजनाओं में पात्र लोगों को लाभ से वंचित किए जाने की शिकायत भी सामने आई. डीसी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को मामले की जांच करने और योग्य लाभुकों का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
महिला कॉलेज की शिकायत पर जांच के आदेश
महिला कॉलेज जामताड़ा में तय शुल्क से ज्यादा पैसे लेने की शिकायत भी जनता दरबार में पहुंची. शिकायत में विरोध करने वाली छात्राओं को डांटने का भी आरोप लगाया गया. डीसी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
कई योजनाओं पर जल्द समाधान का निर्देश
डीसी ने कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, आवास, तालाब आवंटन, म्यूटेशन, चापाकल, पेयजल और बिजली पोल से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. ऑनलाइन लगान रसीद से जुड़े मामलों का भी जल्द निपटारा करने को कहा गया.
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. शिकायतों का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए.