Jamshedpur: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक मेधावी छात्र की मौत से सनसनी फैल गई है। टेल्को क्रॉस रोड नंबर 29 निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के 20 वर्षीय पुत्र आर्यन राज ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आर्यन प्रतिष्ठित संस्थान XLRI जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में प्रथम वर्ष का छात्र था।
घटना का विवरण
परिजनों के मुताबिक, 25 फरवरी की देर रात आर्यन ने घर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल TMH में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के वक्त घर में केवल आर्यन और उसके पिता मौजूद थे, जबकि उसकी माँ बेंगलुरु में अपनी बेटी के पास गई हुई थीं।
पुलिस जांच और अनसुलझे सवाल
टेल्को थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि छात्र के कमरे से सल्फास की गोलियां बरामद हुई हैं। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मौत के कारणों पर रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने आर्यन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
तनाव या कुछ और
प्रारंभिक कयासों में पढ़ाई के तनाव को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। आर्यन ने अपनी स्कूली शिक्षा टेल्को चिन्मया विद्यालय से पूरी की थी और वह पढ़ाई में काफी होनहार था। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।