Jamshedpur News: जमशेदपुर स्थित LBSM कॉलेज के मुख्य द्वार पर सोमवार को AJSU छात्र संघ ने कोल्हान विश्वविद्यालय के “क्लस्टर सिस्टम”, PG विभाग बंद करने और विषयों की कटौती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सोनू कुमार साव के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राएं सड़क पर उतरे और कुलपति व राज्य सरकार का संयुक्त पुतला दहन किया। पूरे परिसर में छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
“गरीब छात्रों का भविष्य बर्बाद कर रही नीति”
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छात्र संघ अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का यह फैसला पूरी तरह तानाशाही और छात्र-विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि PG विभाग हटाने और क्लस्टर सिस्टम लागू करने से ग्रामीण और गरीब परिवारों के छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि दूरदराज के छात्र उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहर नहीं जा पाएंगे, जिससे उनका भविष्य अंधकार में चला जाएगा।
AJSU की चेतावनी, आंदोलन होगा और उग्र
छात्र नेता हिमाद्रि मंडल ने कहा कि शिक्षा के निजीकरण और क्लस्टर व्यवस्था के नाम पर छात्रों को परेशान किया जा रहा है। वहीं कॉलेज सचिव चंदन कुमार पात्रो ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला वापस नहीं लिया, तो AJSU पूरे कोल्हान क्षेत्र में तालाबंदी और उग्र आंदोलन करेगी। वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रतिमा शर्मा ने सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों की व्यावहारिक समस्याओं को समझने की अपील की।
प्राचार्य के माध्यम से कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
पुतला दहन से पहले AJSU प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्राचार्य से मुलाकात की और कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्लस्टर सिस्टम वापस लेने, PG विभागों को जारी रखने और विषयों की कटौती रोकने की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में जुटे छात्र-छात्राएं
इस विरोध प्रदर्शन में छात्र नेता सोनू कुमार साव, चंदन कुमार पात्रो, हिमाद्रि मंडल, प्रतिमा शर्मा, आकाश कुमार, ईशा कुमारी और आकाश कुमार पात्रो समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कॉलेज परिसर पूरी तरह छात्र आंदोलन के नारों से गूंजता रहा और AJSU ने इसे छात्रों की लड़ाई का निर्णायक चरण बताया।