Jamshedpur: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह छायानगर में मंगलवार रात एक दुखद घटना सामने आई। 55 वर्षीय रवींद्र प्रसाद अपने घर में आराम करते हुए टीवी देख रहे थे, तभी अचानक एक हादसा हो गया।
संतुलन बिगड़ने से जमीन पर गिरे
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे टीवी बंद करने के लिए जैसे ही वे बिस्तर से नीचे उतरने लगे, उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे जमीन पर गिर पड़े। गिरने के तुरंत बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं, जिससे परिवार के लोग घबरा गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। रात करीब 10 बजे अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले से बीमारियों से जूझ रहे थे मृतक
परिवार के अनुसार, रवींद्र प्रसाद पिछले करीब डेढ़ साल से डायबिटीज और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। स्वास्थ्य कमजोर होने के कारण गिरने के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और इस अचानक हुई मौत को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
मेहनत कर चलाते थे परिवार
रवींद्र प्रसाद छोटे स्तर पर गोलगप्पा बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक और भावनात्मक संकट खड़ा हो गया है।