Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन और एसएसपी पीयूष पांडेय ने तेल कंपनियों, पेट्रोल पंप संचालकों और एसोसिएशन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि अफवाहों के कारण पिछले दो दिनों में सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी बिक्री दर्ज की गई।
पैनिक बाइंग से बिगड़ रही व्यवस्था, जरूरत अनुसार ही लें ईंधन
उपायुक्त राजीव रंजन ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। उन्होंने कहा कि अफरातफरी में खरीदारी से अनावश्यक दबाव बनता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को बोतल या अन्य कंटेनरों में तेल बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया है ताकि सुरक्षा जोखिम और दुरुपयोग को रोका जा सके।
पेट्रोल पंपों पर भीड़ से ट्रैफिक और कानून व्यवस्था प्रभावित
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्थित तरीके से वाहनों की कतार लगाने से यातायात एवं विधि व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने नागरिकों से संयम बनाए रखने और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं से बचने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
तेल कंपनियों ने दिया भरोसा, सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य
इंडियन ऑयल, एचपी, भारत पेट्रोलियम और जियो के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में तेल उपलब्ध है। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को सोशल मीडिया और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, यू-ट्यूबर और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों से भ्रामक खबरें प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।