Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-17

Jamshedpur News: जमशेदपुर में विकास योजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर जोर, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम में सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई जिला समन्वय समिति की बैठक में अलग-अलग विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया.

बैठक में आधारभूत संरचना विकास, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रामीण विकास, सड़क सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.

मंईयां सम्मान योजना और पेंशन लाभुकों के सत्यापन पर फोकस
उपायुक्त ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों की NPCI मैपिंग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने एलडीएम को सभी प्रखंडों में बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, जिससे लाभुकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें.
वहीं सर्वजन पेंशन योजना के सभी लाभुकों का भौतिक सत्यापन एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया गया. आवास योजना के संभावित लाभुकों का चयन ग्राम सभा की सहमति और पारदर्शिता के साथ करने को कहा गया.

मनरेगा और जर्जर भवनों पर भी कार्रवाई के निर्देश
बैठक में मनरेगा जॉब कार्ड के ई-वेरिफिकेशन को 1 जुलाई से पहले पूरा करने का लक्ष्य दिया गया. इसके अलावा सभी प्रखंडों में जर्जर और अनुपयोगी सरकारी आवासीय भवनों को चिन्हित कर नियम के अनुसार ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया.

एमजीएम और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी समीक्षा
सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण को लेकर उपायुक्त ने जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने को कहा. उन्होंने पार्किंग शुल्क अधिकतम 10 रुपये रखने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों और एमजीएम प्रबंधन को संयुक्त निरीक्षण कर जरूरी कदम उठाने को कहा गया.

सड़क सुरक्षा को लेकर एनएचएआई को निर्देश
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पारडीह से बहरागोड़ा तक चिन्हित स्थानों पर वाहनों की गति सीमा की निगरानी करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने एनएचएआई और जिला परिवहन विभाग को मिलकर कार्रवाई करने को कहा.

नशामुक्ति अभियान चलाने का निर्देश
बैठक के दौरान सभी बीडीओ को नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. अंत में उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई.
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, डीडीसी नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी समेत जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ और सीओ मौजूद रहे.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !