Jamshedpur News: झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (JSERC) ने टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल (पहले जुस्को) द्वारा प्रस्तावित नए बिजली टैरिफ को मंजूरी दे दी है. इसके तहत जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां क्षेत्र में बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है. हालांकि, राहत की बात यह है कि कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है.
आयोग ने टाटा स्टील के टैरिफ में 4.27 प्रतिशत और टाटा स्टील यूआईएसएल के टैरिफ में 2.58 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी है. कंपनियों ने इससे अधिक बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आयोग ने जांच के बाद कम बढ़ोतरी को मंजूरी दी. साथ ही आयोग ने कंपनियों को बिजली बिल को आसान और पारदर्शी बनाने का निर्देश भी दिया है.
ग्रीन एनर्जी और बिल भुगतान पर राहत
टाटा स्टील ने ग्रीन एनर्जी टैरिफ को 1.41 रुपये प्रति यूनिट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आयोग ने इसे घटाकर 0.26 पैसे प्रति यूनिट कर दिया. उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह सुविधा दी गई है कि अगर कोई ग्राहक 5 दिनों के अंदर बिजली बिल का भुगतान करता है, तो उसे 2 प्रतिशत की छूट मिलेगी
प्रीपेड मीटर और अन्य नियम
आयोग ने मीटर रेंट लगाने की अनुमति नहीं दी है. कंपनियों को प्रीपेड मीटर लगाने का विकल्प दिया गया है, जिसे उपभोक्ता स्वेच्छा से चुन सकते हैं. प्रीपेड मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं को ऊर्जा शुल्क में 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी, लेकिन इसके लिए एक महीने के अंदर पूरी सुरक्षा राशि जमा करनी होगी.
नए टैरिफ कब से लागू होंगे
नए बिजली दर 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे. इससे पहले 1 अप्रैल 2025 से पुराने संशोधित टैरिफ लागू किए गए थे. स्थायी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा.
जमशेदपुर में टाटा स्टील के नए दर
• घरेलू (0–100 यूनिट): फिक्स चार्ज 34 से बढ़कर 40 रुपये, ऊर्जा शुल्क 3.10 से 3.30 रुपये
• घरेलू (100 यूनिट से अधिक): फिक्स चार्ज 70 से 75 रुपये, ऊर्जा शुल्क 5.30 से 5.50 रुपये
• कॉमर्शियल: फिक्स चार्ज 130 से 150 रुपये, ऊर्जा शुल्क 6.00 से 6.50 रुपये
• हाई टेंशन इंडस्ट्रियल: फिक्स चार्ज 400 से 450 रुपये, ऊर्जा शुल्क 6.30 से 6.50 रुपये
सरायकेला-खरसावां (टाटा स्टील यूआईएसएल) के नए दर
• ग्रामीण घरेलू: कोई बदलाव नहीं, ऊर्जा शुल्क 3.06 रुपये
• शहरी घरेलू: ऊर्जा शुल्क 3.32 से 3.35 रुपये
• कॉमर्शियल शहरी: 4.23 से 4.30 रुपये
• हाई टेंशन: 5.00 से 5.15 रुपये
कुल मिलाकर, बिजली दरों में हल्की बढ़ोतरी की गई है, लेकिन कुछ सुविधाएं देकर उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश भी की गई है.