Zubeen Garg Death: जुबीन गर्ग की मौत को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। सिंगापुर की कोर्ट ने साफ कर दिया है कि ये कोई साजिश नहीं थी, बल्कि एक हादसा था। कोर्ट ने अपनी जांच के बाद बताया कि जुबीन गर्ग की मौत पानी में डूबने से हुई और इसमें किसी ने उन्हें धक्का दिया या जबरदस्ती डुबोया ऐसा कोई सबूत नहीं मिला।
जांच पर कोर्ट की मुहर, साजिश के आरोप खारिज
स्टेट कोरोनर एडम नखोदा ने कहा कि पुलिस और कोस्ट गार्ड की जांच पूरी तरह सही थी। उन्होंने ये भी साफ किया कि इस मामले में किसी तरह की आपराधिक साजिश नहीं थी।
शराब और लापरवाही बनी हादसे की वजह
जांच में सामने आया कि घटना के समय जुबीन ने शराब पी रखी थी, जिससे उनकी समझ और फैसले लेने की क्षमता पर असर पड़ा। पहली बार जब वो पानी में उतरे तो उन्होंने लाइफ जैकेट पहनी थी, लेकिन बाद में उसे उतार दिया। दूसरी बार जब वो तैरने गए तो लोगों के कहने के बावजूद उन्होंने लाइफ जैकेट पहनने से मना कर दिया।
यॉट पार्टी के दौरान हुआ हादसा
कोर्ट ने ये भी कहा कि किसी ने उन्हें पानी में धक्का नहीं दिया और जो लोग उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे, उनकी तरफ से भी कोई लापरवाही नहीं हुई। ये हादसा 19 सितंबर 2025 को लाजरस आइलैंड के पास हुआ था। उस दिन वो एक यॉट पार्टी में थे, जहां करीब 20 लोग मौजूद थे। वहां तैराकी, कयाकिंग और पार्टी चल रही थी, और गवाहों के मुताबिक जुबीन ने शराब भी पी थी।
मौत के बाद कार्यक्रम रद्द, कोर्ट ने हादसा बताया
अगले दिन उन्हें ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में परफॉर्म करना था, लेकिन उनकी मौत के बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
कोर्ट के इस फैसले से अब साफ हो गया है कि ये एक दुखद हादसा था, इसमें कोई साजिश नहीं थी।