Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र की ग्वाला बस्ती में इन्वर्टर की मरम्मत के दौरान करंट लगने से टाटा मोटर्स के एक कर्मचारी की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
ड्यूटी से लौटने के बाद कर रहे थे मरम्मत
मृतक की पहचान चंद्रभान सिंह (40) के रूप में हुई है, जो टाटा मोटर्स के ईआरसी विभाग में कार्यरत थे. बताया गया कि बुधवार को बी-शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर वह घर लौटे थे. घर का इन्वर्टर खराब होने के कारण वह उसे ठीक करने में जुटे थे.
इन्वर्टर ब्लास्ट होने के बाद हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, मरम्मत के दौरान अचानक इन्वर्टर में विस्फोट हो गया और चंद्रभान सिंह तेज करंट की चपेट में आ गए. हादसे के बाद परिजन उन्हें तत्काल रात करीब 11:30 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
परिवार में पसरा मातम
अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.