Deoghar News : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना और मोहनपुर थाना की संयुक्त टीम ने की।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई, कई तरीकों से करता था साइबर ठगी
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र के बैजनडीह गांव के पास एक युवक फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू कुमार राय (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को बैंकिंग समस्याओं के समाधान का झांसा देता था। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर उनसे ठगी करता था। वह एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को धोखा देता था।
मोबाइल और सिम कार्ड जब्त, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में उसके कई साइबर ठगी मामलों में संलिप्त होने के संकेत मिले हैं। जब्त डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी बड़े साइबर गिरोह का हिस्सा है या अकेले ही वारदातों को अंजाम देता था। मामले में आगे की जांच जारी है।